
क्या आएगी बाहुबली - 3
प्रभाष ने जिस तरह तीन अंगुलियां दिखाई हैं उससे लग रहा है कि राजामौली बाहुबली : 3 भी लेकर आएंगे.
भारतीय सिनेमा की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल 'बाहुबली' का तीसरा पार्ट आएगा क्या? यह सवाल एक बार फिर करोड़ों फिल्म प्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बन गया है. इस चर्चा की वजह बना प्रभास, राणा दग्गुबाती और अनुष्का शेट्टी का एक वीडियो. वीडियो में तीनों कलाकार 'बाहुबली' के भविष्य को लेकर बात करते नजर आते हैं. इसी दौरान राणा दग्गुबाती के शब्द और प्रभास का इशारा फैंस के लिए बड़ा संकेत बन गया.
राणा ने कहा- अभी और आएगा बाहुबली
'Baahubali: The Torchbearer' डॉक्यूमेंट्री के एक हिस्से में राणा दग्गुबाती 'बाहुबली' के भविष्य को लेकर बात करते नजर आते हैं. राणा ने संकेत दिया कि 'बाहुबली' की कहानी और दुनिया का सफर अभी खत्म नहीं हुआ है. उनके इतना कहते ही प्रभास कैमरे की तरफ मुस्कुराते हुए तीन उंगलियां दिखाते हैं. इसके बाद वहां मौजूद अनुष्का शेट्टी भी मुस्कुराने लगती हैं. बस फिर क्या था. सोशल मीडिया पर इसे 'बाहुबली 3' का संकेत मानकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया. वीडियो के आखिर में 'And the legacy continues' यानी विरासत जारी है, जैसा संदेश भी दिखाई देता है.
क्या सच में बन रही है 'बाहुबली 3'?
प्रभास के तीन उंगलियां दिखाने और राणा के बयान के बाद फैंस 'बाहुबली 3' को लगभग तय मान रहे हैं. कई सोशल मीडिया पोस्ट में इसे फिल्म की पुष्टि तक बताया जा रहा है. लेकिन फिलहाल एसएस राजामौली या फिल्म के निर्माताओं की ओर से 'बाहुबली 3' की कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है. न फिल्म की शूटिंग, न रिलीज डेट और न ही स्टारकास्ट को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने आई है.
2015 में शुरू हुई थी 'बाहुबली' की कहानी :
एसएस राजामौली के निर्देशन में बनी 'बाहुबली: द बिगिनिंग' 2015 में रिलीज हुई थी. इसके बाद 2017 में 'बाहुबली 2: द कन्क्लूजन' ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया. फिल्म ने प्रभास को देश के सबसे बड़े सितारों में शामिल कर दिया. कटप्पा ने बाहुबली को क्यों मारा? जैसे सवाल ने पूरे देश को महीनों तक अपनी गिरफ्त में रखा था. अब करीब एक दशक बाद 'बाहुबली' की दुनिया एक बार फिर सुर्खियों में है. प्रभास के तीन उंगलियां दिखाने के बाद फैंस की उम्मीदें जरूर बढ़ गई हैं. राणा दग्गुबाती का बयान भी इस चर्चा को और मजबूत कर रहा है. लेकिन असली जवाब अब एसएस राजामौली और फिल्म के निर्माताओं के पास है.
क्या महेंद्र बाहुबली और भल्लालदेव की कहानी एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौटेगी? क्या 'बाहुबली 3' सचमुच बनने जा रही है?
फिलहाल इन सवालों का आधिकारिक जवाब नहीं मिला है, लेकिन इतना तय है कि प्रभास के एक इशारे ने 'बाहुबली 3' को फिर से देश की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल कर दिया है.