
किस पार्टी का होगा भीलवाड़ा का दूसरा महापौर?
14 सितंबर को खुलेगा ईवीएम का पिटारा, सुबह 8 बजे से शुरू होगी वोटों की गिनती
भीलवाड़ा में नगर निगम सहित 10 निकाय चुनाव में अब इंतजार की घड़ियां खत्म होने वाली हैं. 14 सितंबर की सुबह ईवीएम खुलेंगी और इसके साथ ही तय हो जाएगा कि 70 वार्डों वाली नगर निगम का दूसरा महापौर किस पार्टी का होगा? भाजपा के खाते में दूसरी बार महापौर पद आएगा या फिर यह पद कांग्रेस के हाथ में जाएगा, यह सोमवार दोपहर तक तय हो जाएगा. करीब दो साल पहले 2 सितंबर 2024 को नगर परिषद से क्रमोन्नत हुई भीलवाड़ा नगर निगम का यह पहला चुनाव है. 2024 में नगर परिषद में भाजपा के तत्कालीन सभापति राकेश पाठक को भीलवाड़ा का पहला महापौर बनने का गौरव हासिल हुआ. इस बार भीलवाड़ा नगर निगम महापौर का पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित किया गया है. ऐसे में यह भी तय है कि इस बार भीलवाड़ा को पहली महापौर मिलेगी.
इस बार का परिणाम सिर्फ पार्षदों की जीत-हार तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि यह शहर की भविष्य की नई राजनीतिक दिशा भी तय करेगा. यह चुनाव इसलिए भी खास है क्योंकि भीलवाड़ा शहर में इस समय कांग्रेस व भाजपा नहीं बल्कि निर्दलीय विधायक अशोक कुमार कोठारी हैं. अगर यहां भाजपा की जीत होती है तो पूर्व विधायक विट्ठल शंकर अवस्थी और पूर्व सांसद सुभाष चंद्र बहेड़िया का कद बढ़ेगा वहीं अगर यहां से कांग्रेस बाजी मारती है तो यह जीत शहर जिलाध्यक्ष शिवराम खटीक के खाते में जाएगी. हालांकि, कांग्रेस अपनी किरकिरी यहां चुनाव से पूर्व ही करा चुकी है क्योंकि नेताओं की आपसी खींचतान के चलते निगम के 70 में से 17 वार्डों में कांग्रेस के सिंबल ही नहीं बंट पाए थे. ऐसे में इन 17 वार्डों में अब कांग्रेस के अधिकृत उम्मीदवार नहीं बल्कि समर्थित उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं.
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर तिलक नगर स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज नगर पालिका आम चुनाव-2026 के तहत 14 सितंबर को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी. यहां स्ट्रांग रूम, मतगणना कक्ष, टेबल और निर्वाचन से जुड़ी तमाम व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है. जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देशन में मतगणना को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
सहायक रिटर्निंग अधिकारी के लिए 39 तय किया गया है. ईवीएम संग्रहण कक्ष संख्या 41 में रहेगा. कमरा नंबर 42 में टेबल संख्या 1 से 18 तक वार्ड 1 से 35 और कमरा नंबर 39 में टेबल संख्या 1 से 15 तक वार्ड 36 से 70 की मतगणना होगी. जैसे-जैसे इन टेबलों पर ईवीएम खुलेंगी, वैसे-वैसे भीलवाड़ा के नए राजनीतिक समीकरण की तस्वीर भी साफ होती जाएगी.
नगर निगम के साथ ही दिखेगा 10 का दम :
भीलवाड़ा नगर निगम के साथ जिले की 10 नगर पालिकाओं के चुनाव परिणाम भी 14 सितंबर को सामने आएंगे. इनके लिए अलग-अलग मतगणना केंद्र तय किए गए हैं. सोमवार को जिन पालिकाओं का भविष्य तय होगा उनमें बीगोद, आसींद, गुलाबपुरा, गंगापगर, हमीरगढ़, बनेड़ा, शाहपुरा, जहाजपुर, मांडलगढ़ और बिजौलिया शामिल हैं. मतगणना स्थल पर पर्यवेक्षक कक्ष, जिला निर्वाचन अधिकारी कक्ष, पुलिस अधीक्षक कक्ष, जिला निर्वाचन शाखा, नियंत्रण कक्ष, कम्प्यूटर कक्ष, सांख्यिकीय सूचना कक्ष, आरक्षित मतगणना दल कक्ष और मीडिया कक्ष सहित अन्य व्यवस्थाएं भी निर्धारित की गई हैं. जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने तथा मतगणना के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं.
