
जसवंत कंवर होंगी भीलवाड़ा की पहली महिला महापौर
2165 वोटों की बड़ी जीत के बाद जसवंत कंवर पर भाजपा का भरोसा, 21 सितंबर को होगा महापौर चुनाव
भीलवाड़ा नगर निगम के गठन के बाद अब शहर को पहली महिला महापौर मिलने जा रही है. भाजपा ने वार्ड 9 से निर्वाचित जसवंत कंवर को महापौर पद का उम्मीदवार घोषित किया है. 21 सितंबर को होने वाले चुनाव में भाजपा के स्पष्ट बहुमत के चलते जसवंत कंवर का महापौर चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है.
काबिलेगौर है कि 70 वार्डों वाले भीलवाड़ा नगर निगम में भाजपा ने 45 वार्डों में जीत दर्ज की है. यहां कांग्रेस को महज 10 वार्डों में ही जीत मिली है जबकि निर्दलीय प्रत्याशियों ने 15 वार्डों में बाजी मारी. महापौर पद पर बहुमत के लिए भाजपा को 36 पार्षदों की जरूरत है और अभी उनके पास बहुमत के आंकड़े से 9 सीटें ज्यादा हैं. ऐसे में जसवंत कंवर के महापौर बनने में कोई बाधा नजर नहीं आ रही है.
भाजपा भीलवाड़ा नगर निगम में दूसरी बार अपना महापौर बनाने जा रही है. 2 सितंबर 2024 को भीलवाड़ा को नगर निगम का दर्जा मिला था. नगर परिषद के सभापति राकेश पाठक को महापौर का कार्यभार सौंपा गया.
जानिए, कौन हैं जसवंत कंवर :
भीलवाड़ा नगर निगम में महापौर पद के लिए जसवंत कंवर के अलावा कई ओर चेहरे भी मैदान में थे मगर संगठन ने उन पर भरोसा जताया. महापौर पद सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित होने के बाद भाजपा में कई महिला पार्षदों के नाम चर्चा में थे. महापौर पद की दावेदार मानी जा रही खुशबू शुक्ला वार्ड नंबर 35 में 353 वोट से चुनाव हार गई. ऐसे में जसवंत कंवर, सुमन ओझा, पूर्णिमा जैन, आभा लढ़ा और ममता बाहेती समेत कई नामों पर संगठन स्तर पर विचार हुआ और अंतत: जसवंत कंवर के नाम पर मुहर लगी. वार्ड 9 से भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरी जसवंत कंवर ने 2165 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की. यह निगम चुनाव की बड़ी जीतों में शामिल रही. वार्ड में मिली इस मजबूत जीत ने उन्हें महापौर पद की दौड़ में मजबूत दावेदारों में ला खड़ा किया.
देखा जाए तो जसवंत कंवर का भाजपा से जुड़ाव नया नहीं है. उनके आवेदन फार्म में वर्ष 2012 से भाजपा की प्राथमिक सदस्य होने का उल्लेख है. 12 जुलाई 1987 को जन्मीं जसवंत कंवर ने इतिहास विषय में एमए तक शिक्षा प्राप्त की है. वे गृहिणी हैं और नगर निगम चुनाव में पहली बार पार्षद निर्वाचित हुई हैं. जसवंत कंवर के पति उपेंद्र सिंह लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े रहे हैं और संगठन में मीडिया सेल से संबंधित जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं. ऐसे में जसवंत कंवर का राजनीतिक सफर भले ही निर्वाचित प्रतिनिधि के रूप में अब शुरू हुआ हो मगर परिवार का भाजपा संगठन से जुड़ाव पुराना है. जसवंत कंवर का पीहर भीलवाड़ा जिले के आसींद क्षेत्र के ठिकाना लाछूड़ा में है. उनके पिता दुर्गा सिंह राठौड़ हैं। बेटी के महापौर पद की उम्मीदवार बनाए जाने के बाद लाछूड़ा में खुशी का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि गांव की बेटी का शहर की पहली महिला महापौर बनने की दहलीज तक पहुंचना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है.
