
कुराबड़ में भाजपा का चुनावी मंथन
विधायक उदयलाल डांगी का दावा— पंचायती राज चुनाव में होगा कांग्रेस का होगा सूपड़ा साफ
पंचायती राज चुनावों की आहट के साथ ही उदयपुर के कुराबड़ क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं. भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी तैयारियों को धार देते हुए सोमवार को तरीबा हनुमान जी मंदिर परिसर में कुराबड़ पंचायत समिति क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की. बैठक में संगठन को बूथ और पंचायत स्तर तक सक्रिय करने के साथ ही संभावित प्रत्याशियों और चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई.
बैठक में वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी का जोर ‘जिताऊ प्रत्याशी’ पर रहा. उन्होंने कहा -'' पार्टी जमीन से जुड़े कार्यकर्ताओं और चुनाव जीतने की क्षमता रखने वाले दावेदारों को प्राथमिकता देगी. टिकट वितरण के लिए दावेदारों का सर्वे कर पैनल तैयार किए जाएंगे.'' यह संकेत देता है कि पार्टी पंचायत चुनाव में स्थानीय स्तर पर प्रत्याशियों के चयन को लेकर फीडबैक और सर्वे को महत्व देने की तैयारी में है. डांगी ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरने का आह्वान करते हुए दावा किया कि भाजपा प्रत्याशी बड़े बहुमत से जीत दर्ज करेंगे. कुराबड़ पंचायत समिति में पूर्व में भाजपा के कब्जे का हवाला देते हुए उन्होंने इस बार भी सत्ता बरकरार रखने का भरोसा जताया.
बैठक में कांग्रेस को लेकर विधायक डांगी के तेवर खासे आक्रामक रहे. उन्होंने कानोड़ और भींडर नगर पालिका चुनावों में कांग्रेस की जीत का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा इन परिणामों से चिंतित नहीं है. उनके अनुसार, वहां भाजपा की हार स्थानीय स्तर की कमियों के कारण हुई थी और पंचायती राज चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो जाएगा.
डांगी के इस बयान को स्थानीय निकाय चुनावों के बाद भाजपा की आगामी रणनीति के संदर्भ में भी देखा जा सकता है. पंचायत चुनाव सीधे तौर पर गांवों और स्थानीय सामाजिक समीकरणों से जुड़े होते हैं, जहां प्रत्याशी की व्यक्तिगत पकड़, स्थानीय संगठन और पंचायत स्तर के समीकरण चुनाव परिणामों को प्रभावित कर सकते हैं. ऐसे में भाजपा की ओर से ‘जमीन से जुड़े’ और ‘जिताऊ’ कार्यकर्ताओं को टिकट देने पर जोर महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
विधायक ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों की योजनाओं और उपलब्धियों को भी कार्यकर्ताओं के सामने प्रमुखता से रखा. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनका लाभ आमजन तक पहुंच रहा है.
पंचायती राज चुनावों में सरकार की योजनाओं और स्थानीय विकास कार्यों को चुनावी मुद्दा बनाने की भाजपा की रणनीति भी बैठक में दिखाई दी. दूसरी ओर, कांग्रेस के स्थानीय प्रदर्शन और संगठन की सक्रियता आने वाले चुनाव में मुकाबले का महत्वपूर्ण हिस्सा होगी.
बैठक में कुराबड़ पंचायत समिति की पूर्व प्रधान कृष्णा मीणा, आसमा खान पठान, पूर्व जिला प्रमुख शांतिलाल मेघवाल, मंडल अध्यक्ष भरत मीणा, पूर्व जिला मंत्री भंवरलाल भट्ट, पूर्व जिला उपाध्यक्ष प्रकाश जैन, पूर्व जिला परिषद सदस्य मदन सिंह, पूर्व प्रधान जोगेंद्र पटेल, पूर्व मंडल अध्यक्ष गंगाराम सहित वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे.
'' पार्टी जमीन से जुड़े कार्यकर्ताओं और चुनाव जीतने की क्षमता रखने वाले दावेदारों को प्राथमिकता देगी. टिकट वितरण के लिए दावेदारों का सर्वे कर पैनल तैयार किए जाएंगे.''
