
ईवीएम में बंद हुआ कुराबड़ के उम्मीदवारों का भाग्य
77 मतदान केंद्रों पर हुआ मतदान, पंचायत समिति के 13 वार्डों में भाजपा-कांग्रेस में सीधी टक्कर, दो में त्रिकोणीय संघर्ष
उदयपुर जिले की कुराबड़ पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव के प्रथम चरण में 22 अक्टूबर को प्रथम चरण का मतदान हुआ. मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्वाचन विभाग और पुलिस प्रशासन की ओर से पुख्ता इंतजाम किए गए थे.
क्षेत्र के 77 मतदान केंद्रों पर उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में कैद हो गया है. पंचायत समिति सदस्य के 15 वार्डों में अधिकांश जगह भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला है जबकि वार्ड संख्या 2 और 8 में त्रिकोणीय संघर्ष के चलते चुनावी मुकाबला दिलचस्प हो गया है.
कुराबड़ पंचायत समिति के वार्ड संख्या 1 में कांग्रेस की पपुकी बाई और भाजपा की मोती बाई भील के बीच मुकाबला है. वार्ड 2 में कांग्रेस के गोपाल लाल, भाजपा के लोकेश और भारत आदिवासी पार्टी के इस्लामुद्दीन मैदान में हैं. वार्ड 3 में कांग्रेस के भगवती लाल और भाजपा के राजमल मेघवाल जबकि वार्ड 4 में कांग्रेस के माथु और भाजपा के लेहरी लाल के बीच सीधी टक्कर है.
वार्ड 5 में कांग्रेस की रेखा कुंवर के सामने भाजपा की गद्दू कुंवर हैं. वार्ड 6 में कांग्रेस के शक्ति सिंह कृष्णावत और भाजपा के गंगाराम जबकि वार्ड 7 में कांग्रेस के बाबू मीणा और भाजपा के भरत कुमार मीणा आमने-सामने हैं. वार्ड 8 में मुकाबला त्रिकोणीय है. यहां कांग्रेस के दिनेश कुमार चौधरी और भाजपा के भगवती लाल पटेल के साथ निर्दलीय प्रत्याशी पुष्कर दास वैष्णव भी चुनाव मैदान में हैं. वार्ड 9 में कांग्रेस की दीपिका मीणा और भाजपा की लीला बाई, वार्ड 10 में कांग्रेस की कुंदन कुंवर और भाजपा की चन्दा औदिच्य के बीच मुकाबला है. वार्ड 11 में कांग्रेस के मनरूप के सामने भाजपा के लोगर लाल हैं, जबकि वार्ड 12 में कांग्रेस के राम लाल पटेल और भाजपा के भेरू लाल आमने-सामने हैं.
वार्ड 13 में कांग्रेस की इन्द्रा कुंवर राजपूत और भाजपा की हेतल कुंवर, वार्ड 14 में कांग्रेस की बबली और भाजपा की हेमा तथा वार्ड 15 में कांग्रेस की लवीना जारोली और भाजपा की अनिता जारोली के बीच सीधा मुकाबला है. अधिकांश वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर होने से दोनों दलों के लिए यह चुनाव अहम माना जा रहा है. अब मतदाताओं के फैसले पर निगाहें टिकी हैं जो तय करेगा कि पंचायत समिति में किस दल को बढ़त मिलती है.
कांग्रेस का जीत का दावा :
पूर्व विधायक प्रीति गजेंद्र सिंह शक्तावत ने बंबोरा पहुंचकर मतदान केंद्रों का दौरा किया और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया. इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में कांग्रेस की जीत का भरोसा जताते हुए दावा किया कि कुराबड़, भिंडर और वल्लभनगर सहित क्षेत्र में कांग्रेस के प्रधान बनेंगे. चुनाव के दौरान पंचायत सदस्यों की बाड़ाबंदी को लेकर पूछे गए सवाल पर शक्तावत ने इसे बाड़ाबंदी मानने से इनकार किया. उन्होंने कहा कि यह कोई बाड़ाबंदी नहीं बल्कि परिवार के लोगों का एक साथ भ्रमण यानी पिकनिक है. पंचायत चुनाव में उनकी सक्रियता और कार्यकर्ताओं से मुलाकात को कांग्रेस के चुनावी प्रबंधन के लिहाज से अहम माना जा रहा है. वहीं, क्षेत्र में कांग्रेस के प्रधान बनने के उनके दावे पर अब सबकी नजर चुनाव परिणामों पर रहेगी.
