
24 पेट्रोलिंग टीमों करेंगी उदयपुर की पहरेदारी
फतहसागर पाल पर हाईटेक टूरिस्ट बूथ का एसपी अमृत दुहन ने किया उद्घाटन, पर्यटकों को मिलेगी त्वरित पुलिस सहायता
झीलों की नगरी उदयपुर में देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधाजनक पर्यटन अनुभव को बेहतर बनाने के लिए पुलिस ने नई पहल की है. नवरात्रि के अवसर पर 16 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल फतहसागर पाल पर नवनिर्मित हाईटेक टूरिस्ट बूथ का उद्घाटन जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने किया. इस बूथ के शुरू होने से पर्यटकों को पर्यटन स्थलों की जानकारी देने के साथ ही उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान में मदद मिलेगी.
नवनिर्मित टूरिस्ट बूथ पर अनुभवी और व्यवहारकुशल पर्यटक पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी.
यहां आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को उदयपुर के प्रमुख दर्शनीय स्थलों, पर्यटन सुविधाओं और अन्य आवश्यक जानकारियां उपलब्ध कराई जाएंगी. किसी पर्यटक के साथ परेशानी होने या उसे किसी प्रकार की सहायता की जरूरत पड़ने पर पुलिस तत्काल मदद उपलब्ध कराने का प्रयास करेगी. इससे पर्यटकों को शहर में घूमने के दौरान सुरक्षा का भरोसा मिलने के साथ ही उनकी समस्याओं के समाधान में भी सहूलियत होगी.पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उदयपुर पुलिस ने शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर व्यवस्था मजबूत की है.
पर्यटन थाना क्षेत्र के अंतर्गत सहेलियों की बाड़ी, फतहसागर मोती मगरी गेट, सुखाड़िया सर्कल, गुलाब बाग, दूधतलाई, रानी रोड और मुख्य फतहसागर पाल सहित कुल सात टूरिस्ट बूथ संचालित हैं. इन स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ पर्यटकों की सहायता और सुरक्षा पर ध्यान दिया जा रहा है.
इसके अलावा शहर में 24 पेट्रोलिंग टीमें सक्रिय हैं, जो पर्यटन स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में भूमिका निभा रही हैं. टूरिस्ट बूथ के उद्घाटन समारोह में जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) उमेश ओझा, पुलिस उप अधीक्षक (वृत्त नगर पश्चिम) राजेश यादव और पुलिस उप अधीक्षक (वृत्त नगर पूर्व) छवि शर्मा सहित शहर के विभिन्न थानों के थानाधिकारी और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे.पुलिस की इस पहल का उद्देश्य उदयपुर आने वाले पर्यटकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के साथ उनकी यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाना है.
