
कर्तव्य की राह में शहीद हुए 154 वीरों को नमन
रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित हुआ समारोह, शहीदों के सम्मान में सलामी परेड, पौधरोपण और रक्तदान शिविर के जरिए सेवा व समर्पण का संदेश
देश की सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले पुलिसकर्मियों का बलिदान महज एक स्मृति नहीं बल्कि कर्तव्य, साहस और समर्पण की ऐसी मिसाल है जो पीढ़ियों को प्रेरित करती है. इसी जज्बे को नमन करने के लिए 21 अक्टूबर को उदयपुर की रिजर्व पुलिस लाइन में पुलिस शहीद दिवस मनाया गया. समारोह में शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ सलामी परेड, पौधरोपण और रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. पुलिस अधिकारियों और जवानों ने वीर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए जनसेवा और कर्तव्यनिष्ठा के संकल्प को दोहराया.
154 वीर शहीदों के नाम का किया वाचन
समारोह में उदयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव ने शहीदों को नमन करते हुए उनके साहस, त्याग और कर्तव्यपरायणता को याद किया. उन्होंने 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक कर्तव्य निर्वहन के दौरान वीरगति प्राप्त करने वाले 154 पुलिसकर्मियों के नाम का वाचन किया.
इसके बाद परेड कमांडर गुलाब सिंह के नेतृत्व में शहीद स्मारक परेड ग्राउंड में पुलिस शहीद दिवस परेड आयोजित की गई. पुलिसकर्मियों ने अनुशासित कदमताल के साथ शहीदों को सलामी दी. उपस्थित अधिकारियों और जवानों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा और देश की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की.

पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
शहीदों की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण को भी महत्व दिया गया. पुलिस महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव और जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने पुलिस लाइन परिसर में पौधरोपण किया. इस पहल के जरिए पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया.
रक्तदान कर पेश की मानव सेवा की मिसाल
समारोह की पावन स्मृति में रिजर्व पुलिस लाइन में विशाल रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया। इसमें पुलिस अधिकारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक स्वैच्छिक रक्तदान किया। पुलिसकर्मियों की इस पहल ने जनसेवा, सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदनाओं के प्रति विभाग की प्रतिबद्धता को दर्शाया।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में जवान रहे मौजूद
समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मुकुल शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा रजत बिश्नोई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर लक्ष्मण राय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महिला अनुसंधान प्रकोष्ठ मंजीत सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुलिस परामर्श केंद्र अंजना सुखवाल सहित जिले के पुलिस उपाधीक्षक, विभिन्न थानों के थानाधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे.
