
50 लाख की MDMA लेकर उदयपुर पहुंचे 3 तस्कर, हिरणमगरी में पुलिस ने घेरकर दबोचा
उदयपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 470 ग्राम MDMA जब्त कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है. करीब 50 लाख रुपए की यह ड्रग्स बिना नंबर की स्कॉर्पियो गाड़ी में बाड़मेर के गुढ़ामालानी से उदयपुर लाई जा रही थी.
उदयपुर - उदयपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 470 ग्राम MDMA ड्रग्स जब्त की है. पुलिस के अनुसार बरामद ड्रग्स की बाजार कीमत करीब 50 लाख रुपए है। आरोपी यह ड्रग्स बाड़मेर के गुढ़ामालानी से खरीदकर उदयपुर ला रहे थे. पुलिस ने बिना नंबर की सफेद स्कॉर्पियो को जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
हिरणमगरी इलाके में घेराबंदी कर पकड़ी स्कॉर्पियो
पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई हिरणमगरी थाना क्षेत्र में की गई. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा और वृताधिकारी नगर पूर्व छवि शर्मा के सुपरविजन में हिरणमगरी थानाधिकारी रविन्द्र चारण तथा स्पेशल टीम प्रभारी देवेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर एक बिना नंबर की सफेद स्कॉर्पियो को घेराबंदी कर रोका. पुलिस ने कार में बैठे तीनों व्यक्तियों की तलाशी ली. तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 470 ग्राम अवैध MDMA बरामद हुई। पुलिस ने ड्रग्स और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो को जब्त कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
बाड़मेर से खरीदकर उदयपुर ला रहे थे ड्रग्स
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अरविंद निवासी गुढ़ामालानी, बाड़मेर से MDMA खरीदकर उदयपुर लेकर आ रहा थाा. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ड्रग्स की खेप किसे सप्लाई की जानी थी और इस नेटवर्क में इनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हैं. मामले में प्रकरण संख्या 383/2026 दर्ज कर धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है. मामले की आगे की जांच भूपालपुरा थानाधिकारी रतन सिंह द्वारा की जा रही है. पुलिस ने इस मामले में इन तीन लोगों को गिरफ्तार किया है.
- मनीष पुत्र रमेश (26), निवासी टेकन मेघवाल फला, थाना कूण, जिला सलूम्बर, हाल निवासी बेडवास, प्रतापनगर, उदयपुर
- शंकर पुत्र बेणीराम (33), निवासी जेवाणा, फतहनगर, जिला उदयपुर
- नरेश पुत्र किशनाराम (27), निवासी गोडा गांव, तहसील चौहटन, थाना सेड़वा, जिला बालोतरा

नशा तस्करों को नहीं बख्शेंगे : एसपी
जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन ने कहा कि उदयपुर पुलिस जिले को पूरी तरह नशामुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। युवाओं को बर्बाद करने वाले नशा तस्करों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। नशे के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
