
उदयपुर में ऑनलाइन जुआ-सट्टे के पैसों के ट्रांजेक्शन का खुलासा, गुजरात के 4 आरोपी गिरफ्तार
उदयपुर में सुखेर थाना पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गुजरात के 4 युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपी कथित तौर पर म्यूल बैंक खातों के जरिए ऑनलाइन जुआ-सट्टे और साइबर ठगी की रकम ट्रांसफर करते थे। पुलिस ने 3 लैपटॉप, 19 मोबाइल, 19 एटीएम कार्ड और बैंकिंग दस्तावेज जब्त कर नेटवर्क की जांच शुरू की है।
विला में चल रहा था म्यूल अकाउंट का नेटवर्क, 3 लैपटॉप, 19 मोबाइल और 19 एटीएम कार्ड जब्त
उदयपुर। उदयपुर की सुखेर थाना पुलिस ने साइबर अपराध और म्यूल अकाउंट के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गुजरात के चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कविता क्षेत्र स्थित एक विला में दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा। यहां अवैध ऑनलाइन जुआ-सट्टे और साइबर ठगी से प्राप्त पैसों का ट्रांजेक्शन किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में डिजिटल उपकरण और बैंकिंग सामग्री जब्त की है।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा और वृत्ताधिकारी नगर पश्चिम राजेश यादव के सुपरविजन में सुखेर थानाधिकारी भारत योगी के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।
लोगों के नाम पर खुलवाते थे बैंक खाते
पुलिस के अनुसार, आरोपी सीधे-सादे और जरूरतमंद लोगों को प्रलोभन देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे। इन खातों को म्यूल अकाउंट के रूप में इस्तेमाल किया जाता था। बाद में ये खाते अवैध ऑनलाइन जुआ-सट्टा और गेमिंग जैसी गतिविधियों में शामिल लोगों को उपलब्ध कराए जाते थे।
इन खातों में अवैध रूप से प्राप्त रकम आने के बाद आरोपी उसे दूसरे बैंक खातों में ट्रांसफर कर देते थे। इस प्रक्रिया के बदले वे मोटा कमीशन कमाते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
3 लैपटॉप और 19 मोबाइल जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से साइबर अपराध में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की है। इसमें 3 लैपटॉप, 19 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 19 एटीएम कार्ड, 19 बैंक पासबुक, 5 चेकबुक और अन्य सामग्री शामिल है।
कई राज्यों में दर्ज हैं साइबर शिकायतें
पुलिस की जांच और तकनीकी विश्लेषण में सामने आया कि जब्त पासबुक और चेकबुक से जुड़े कई बैंक खातों के संबंध में देश के अलग-अलग राज्यों में पहले से साइबर अपराध की शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस ने प्रकरण संख्या 449/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 61(2) में मामला दर्ज किया है। नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराने वाले स्थानीय मददगारों के संबंध में जांच जारी है।
पुलिस ने गुजरात के बनासकांठा निवासी संघथा भाई पुत्र बबा भाई नाई (23), डीसा निवासी किरण कुमार पुत्र वासु भाई खत्री (24), हितेश कुमार पुत्र वरसंग भाई (27) व पाटन निवासी पवन पुत्र राकेश भाई दर्जी (19) को गिरफ्तार किया।
कार्रवाई करने वाली टीम में सुखेर थानाधिकारी भारत योगी, सहायक उपनिरीक्षक सरदार सिंह, सहायक उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह चारण, हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश तथा कांस्टेबल राजेश और प्रकाश सिंह शामिल रहे।

