
धरे गए मंदिरों से चांदी चुराने वाले चोर
22 लाख रुपए से ज्यादा कीमत की 8 किलो चांदी बरामद
मंदिरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले आरोपियों के खिलाफ उदयपुर की सुखेर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने डांगियों का गुड़ा गांव में पांच मंदिरों से चोरी की गई चांदी की मूर्तियां और छत्र बरामद किए हैं. बरामद चांदी का कुल वजन 8 किलो 900 ग्राम है, जिसकी बाजार कीमत करीब 22 लाख रुपए आंकी गई है.
मामले में तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है.
पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर 2026 की मध्यरात्रि डांगियों का गुड़ा गांव में चोरों ने पांच मंदिरों और तीन मकानों को निशाना बनाया था. आरोपियों ने इन ठिकानों के ताले तोड़कर चांदी की मूर्तियां, छत्र और नकदी चोरी कर ली थी. मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कमलेश गमेती, भैरा उर्फ कालू गमेती और मेघाराम गमेती को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की. पूछताछ के आधार पर आरोपियों से चोरी की गई चांदी की मूर्तियां और छत्र बरामद किए गए. बरामद सामान का कुल वजन 8 किलो 900 ग्राम है और इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 22 लाख रुपए बताई गई है. पुलिस अब मामले में फरार आरोपी दुर्गेश गमेती की तलाश कर रही है. साथ ही, चोरी की वारदातों से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच भी जारी है.
यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा और वृत्ताधिकारी वृत्त नगर पश्चिम राजेश यादव के सुपरविजन में की गई. सुखेर थानाधिकारी भरत योगी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों से चोरी का माल बरामद किया. कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी भरत योगी, सहायक उपनिरीक्षक सरदार सिंह, सहायक उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह, कांस्टेबल अचलाराम, शंभूराम, भारत सिंह, दिनेश, वीरेंद्र साहू, डालाराम, करतार सिंह और रामधन शामिल रहे.
