
राजकोट में डकैती व हत्या कर भाग रहे दो आरोपी उदयपुर में गिरफ्तार, 1.5 करोड़ का सोना-चांदी बरामद
गुजरात के राजकोट में ज्वेलर्स के यहां डकैती और कर्मचारी की गोली मारकर हत्या के मामले में उदयपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 1.5 करोड़ रुपए का सोना-चांदी बरामद किया, जबकि वारदात में इस्तेमाल कार भी जब्त की गई।
उदयपुर - गुजरात के राजकोट में ज्वेलर्स की दुकान पर डकैती और कर्मचारी की गोली मारकर हत्या करने के मामले में उदयपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सुखेर और बड़गांव थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान आरोपियों को पकड़ा। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 1.5 करोड़ रुपए मूल्य का लूटा गया सोना-चांदी और वारदात में इस्तेमाल कार जब्त की है। आरोपी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और वारदात के बाद वाराणसी की ओर भाग रहे थे।
सर्राफा व्यापारी को गोली मारकर की थी लूट
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर पुलिस ने अंतरराज्यीय समन्वय के जरिए कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 3 बजे गुजरात के राजकोट शहर के थोराला थाना क्षेत्र में स्थित तन्वी गोल्ड ज्वेलर्स पर टाटा टिगोर कार से आए तीन हथियारबंद बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग की थी। गोली लगने से दुकान के कारीगर लालजी लवजी की मौके पर ही मौत हो गई। बदमाश दुकान से करीब 1 किलो सोना और 3 किलो चांदी का पाउडर लूटकर फरार हो गए थे।
कार को रूकवाकर पकड़े आरोपी

घटना की सूचना मिलते ही उदयपुर पुलिस ने नाकाबंदी शुरू की। बड़गांव थाने के डीओ कृष्ण गोपाल और कांस्टेबल योगेंद्र ने सिरोही रोड की ओर जाने वाले वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान गोगुंदा से अंबेरी हाईवे की तरफ आ रही एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने कार भगा दी। पुलिस टीम ने पीछा कर अंबेरी पुलिया के पास कार को रुकवा लिया। मौके पर सुखेर थानाधिकारी भरत योगी, उपनिरीक्षक ईश्वरलाल और कांस्टेबल कमलेश पहुंचे। कार सवार दोनों युवकों की तलाशी लेने पर एक आरोपी के जूते के सोल में छिपाकर रखी करीब 900 ग्राम सोने की सिल्लियां और टुकड़े मिले। कार की डिक्की में रखे बैग से करीब 3 किलो चांदी का पाउडर भी बरामद हुआ।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने राजकोट में ज्वेलर्स के यहां वारदात कर कर्मचारी की हत्या करने और लूट का माल लेकर भागने की बात स्वीकार की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के डेडवलिया गांव निवासी अजीत कुमार पांडे (24) पुत्र रामशपथ पांडे और शिवम पांडे (26) पुत्र अशोक पांडे के रूप में हुई है। उदयपुर पुलिस ने बरामद सोना-चांदी और वारदात में इस्तेमाल वाहन को नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए राजकोट शहर क्राइम ब्रांच के उपनिरीक्षक एस.एम. राणा को सौंप दिया है। कार्रवाई में सुखेर थानाधिकारी भरत योगी, बड़गांव थाने के उपनिरीक्षक कृष्ण गोपाल, कांस्टेबल योगेंद्र, सुखेर थाने के उपनिरीक्षक ईश्वरलाल और कांस्टेबल कमलेश की भूमिका रही।
