
उदयपुर में चोरों का बड़ा खुलासा : एक ही रात में 5 मंदिरों और 3 मकानों में की थी चोरी, तीन इनामी आरोपी गिरफ्तार
उदयपुर के सुखेर थाना क्षेत्र में मंदिरों और मकानों में चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। डांगियों का गुड़ा गांव में एक ही रात में 5 मंदिरों और 3 मकानों के ताले तोड़कर चांदी की मूर्तियां, छत्र और नकदी चुराने के मामले में तीन इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने चरवाहे और ट्रैक्टर-जेसीबी चालक बनकर रेकी की और तकनीकी जांच के आधार पर गोगुंदा-ओगणा मार्ग की पहाड़ियों से आरोपियों को पकड़ा।
उदयपुर - जिले के सुखेर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मंदिरों और मकानों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने डांगियों का गुड़ा गांव में एक ही रात में पांच मंदिरों और तीन मकानों को निशाना बनाया था। मंदिरों से चांदी की मूर्तियां, छत्र और दानपेटियों से नकदी चोरी की गई थी। जिला पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों की गिरफ्तारी पर 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस के अनुसार, जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा और वृत्ताधिकारी राजेश यादव के सुपरविजन में सुखेर थानाधिकारी भरत योगी के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और मामले में आगे की जांच जारी है।
ऐसे दिया था वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक, डांगियों का गुड़ा निवासी बंशीलाल डांगी ने रिपोर्ट दी थी कि 26 सितंबर 2026 की रात गांव के पांच मंदिरों—माहिला देवरा, धर्मराजजी मंदिर, मगरी वाला देवरा, कुम्हारों का मंदिर और भैरूजी मंदिर—में चोरी हुई। चोर यहां से चांदी की मूर्तियां, चांदी के छत्र और दानपेटियों में रखी नकदी ले गए। गांव के कई अन्य मकानों के ताले भी तोड़े गए थे। इस रिपोर्ट के आधार पर सुखेर थाने में प्रकरण संख्या 423/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
दिन में चरवाहे, रात में ट्रैक्टर-जेसीबी चालक बनकर करते थे रेकी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी से पहले एक जगह इकट्ठा होकर शराब पार्टी करते थे। इसके बाद शहर से बाहर जाकर अपने मोबाइल फोन बंद कर देते थे, ताकि उनकी गतिविधियों का पता लगाना मुश्किल हो जाए। आरोपी CCTV कैमरों और हाईवे पर नजर रखने से बचने के लिए खेतों और पहाड़ियों के रास्तों का इस्तेमाल करते थे। पुलिस टीम ने उनकी गतिविधियों का पता लगाने के लिए भेष बदला। दिन में चरवाहे और रात में ट्रैक्टर व जेसीबी चालक बनकर स्थानीय भाषा में आरोपियों की रेकी की गई। BTS डेटा और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की और गोगुंदा से ओगणा मार्ग की पहाड़ियों में तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी कौन हैं ?
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है :
1. मेघाराम (22) पुत्र मांगीलाल, निवासी कलवा खेड़ा नाल, गोगुंदा, उदयपुर
2. कमलेश (20), पुत्र भैरू, निवासी कलवा खेड़ा नाल, गोगुंदा, उदयपुर
3. भैराराम (22), पुत्र हकराराम, निवासी बिलख कुंडाल, ओगणा, उदयपुर
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। मामले में चोरी के सामान की बरामदगी और अन्य संभावित वारदातों के संबंध में आगे की जांच जारी है।
इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका
कार्रवाई में सुखेर थानाधिकारी भरत योगी के साथ उपनिरीक्षक सरदार सिंह, हरीशचंद्र सनाढ्य और राजेंद्र, हेड कांस्टेबल राकेश, अचलाराम, कांस्टेबल दिनेश सिंह, रामधन, शंभूराम और भारत सिंह शामिल रहे। इसके अलावा DST, पर्यटन थाना, घंटाघर थाना और साइबर सेल के पुलिसकर्मियों ने भी सहयोग किया।
