
उदयपुर में आस्था का संगम
कुराबड़ के सालवी समाज की ओर से अनंत चतुर्दशी व्रत की पूर्णाहुति व उद्यापन
उदयपुर में अनंत चतुर्दशी पर्व पर कुराबड़ के सालवी (बुनकर) समाज मेवल क्षेत्र की ओर से सामूहिक उद्यापन का भव्य आयोजन किया गया. रेती स्टैंड स्थित आवरी माता सामुदायिक भवन उदयपुर में 24 और 25 सितंबर को आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में समाज के 27 परिवारों के जोड़ों ने एक साथ अनंत चतुर्दशी व्रत की पूर्णाहुति की. दो दिवसीय आयोजन में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ समाज की एकजुटता और पारंपरिक आस्था का भी विशेष स्वरूप देखने को मिला.
समाजजन सपरिवार आयोजन में शामिल हुए और भगवान अनंत की पूजा-अर्चना कर सुख और समृद्धि की मंगलकामना की. कार्यक्रम का शुभारंभ 24 सितंबर की रात भव्य रात्रि जागरण के साथ हुआ. देर रात तक श्रद्धालु भक्ति और धार्मिक वातावरण में डूबे रहे. अगले दिन 25 सितंबर को तड़के सुबह 4:15 बजे से 6:00 बजे तक विधि-विधान के साथ अनंत चतुर्दशी पूजन संपन्न कराया गया.
इसके बाद सुबह 7:00 बजे हवन-यज्ञ, अनंत चतुर्दशी व्रत कथा और महाआरती का आयोजन हुआ. वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में रंगा नजर आया. महाआरती में बड़ी संख्या में समाजजनों ने भाग लिया. धार्मिक कार्यक्रमों की पूर्णाहुति के बाद सुबह 10:00 बजे महाप्रसादी का आयोजन किया गया. इसमें समाज के लोगों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया.
आयोजकों ने बताया कि सामूहिक उद्यापन का उद्देश्य केवल व्रत की धार्मिक पूर्णाहुति करना नहीं, बल्कि समाज की धार्मिक परंपराओं, संस्कारों और सामाजिक एकता को मजबूत करना भी है. 27 परिवारों द्वारा एक साथ उद्यापन किए जाने से आयोजन में सामूहिक आस्था और भाईचारे का विशेष संदेश देखने को मिला.
सालवी समाज के लिए यह आयोजन धार्मिक श्रद्धा के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं, संस्कारों और सामुदायिक संस्कृति से जोड़ने का अवसर भी बना. काबिलेगौर है कि समाज की ओर से हर अनंत चतुर्दशी पर इसी तरह के धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं.
