कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ अपराध की रोकथाम पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उदयपुर में 3 सितम्बर 2026 को पुलिस टीमों द्वारा की गई 3 कार्रवाइयां बताती हैं कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई केवल घटना के बाद गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि मादक पदार्थों की तस्करी, हिंसक अपराध और डिजिटल माध्यमों के जरिए माहौल बिगाड़ने के प्रयासों पर भी पुलिस की नजर है।
Lakhan Salvi
शेयर करें:
उदयपुर - अपराध के बाद पुलिस की कार्रवाई कितनी तेजी से होती है, यह किसी भी मामले के खुलासे और आरोपियों तक पहुंचने में अहम भूमिका निभाती है। उदयपुर जिले में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने हाल ही में की गई कार्रवाइयों में इसी त्वरित पुलिसिंग की तस्वीर सामने रखी है। कहीं छात्र पर तलवार से हमला कर मोबाइल लूटने वाले तीन आरोपियों को 24 घंटे में गिरफ्तार किया गया, तो कहीं नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे तस्करों की क्रेटा कार से 130 किलो 820 ग्राम अफीम डोडा चूरा बरामद किया गया। वहीं वकीलों पर जानलेवा हमले के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया और सोशल मीडिया पर भड़काऊ टिप्पणी करने वाले आरोपी तक भी पुलिस तकनीकी सहायता से पहुंच गई।
24 घंटे में छात्र से लूट का खुलासा, तीन गिरफ्तार
फलासिया थाना पुलिस ने छात्र से तलवार के बल पर मोबाइल लूटने और उसके साथी पर हमला करने के मामले का महज 24 घंटे में खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार 30 सितंबर को छात्र अपने सहपाठी जितेंद्र के साथ स्कूल के पीछे मैदान में बैठकर पढ़ाई कर रहा था। दोपहर करीब 2 बजे बाइक पर सवार होकर तीन युवक वहां पहुंचे और छात्र का मोबाइल छीन लिया। जितेंद्र ने विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर तलवार से हमला कर दिया। हमले में उसकी हथेली और जांघ पर गंभीर चोटें आईं।
बेकरिया थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक क्रेटा कार से 130 किलो 820 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद किया। पुलिस टीम बेकरिया थाने के सामने हाईवे पर नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान उदयपुर की ओर से आ रही सफेद क्रेटा कार के चालक ने पुलिस को देखकर अचानक रास्ता बदल दिया और तेज गति से वाहन भगाने लगा। पुलिस ने पीछा किया। नागेश्वर ढाबे के पास कार का टायर फट गया। इसके बाद चालक और उसके साथ बैठा व्यक्ति कार छोड़कर पहाड़ी जंगल की ओर भाग गए।
जब्तशुदा कार व अफीफ डोडाचूरा के साथ बेकरिया पुलिस टीम
वकीलों पर हमले में तीन गिरफ्तार, सोशल मीडिया कमेंट पर भी कार्रवाई
सविना थाना पुलिस ने सेक्टर-11 स्थित चस्का बार रेस्टोरेंट में दो अधिवक्ताओं पर जानलेवा हमला करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अनुसंधान अधिकारी महेश कुमार गुर्जर (डीएसपी, एससी/एसटी सेल) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा (जेल) में भिजवाया। पुलिस के अनुसार 30 सितंबर 2026 को अधिवक्ता निलेश शर्मा और अनिल मीणा सेक्टर-11 स्थित चस्का रेस्टोरेंट में बर्थडे पार्टी की बुकिंग कराने गए थे। वहां काउंटर पर बातचीत के दौरान कुछ लोग तेज आवाज में बात कर रहे थे। अधिवक्ता अनिल मीणा ने उन्हें धीरे बात करने के लिए कहा। आरोप है कि इस बात पर आरोपी गाली-गलौज करने लगे और अचानक अनिल मीणा पर लोहे के सरिए व बोतलों से जानलेवा हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पर निलेश शर्मा के साथ भी गंभीर मारपीट की गई। घटना के संबंध में सविना थाने में प्रकरण संख्या 346/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 109(1), 115(2), 189(2) तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(वी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में सविना थानाधिकारी दलवीर सिंह, हिरणमगरी थानाधिकारी रविन्द्र सिंह चारण और सूरजपोल थानाधिकारी सूर्यभान सिंह के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें गठित की गईं। टीमों ने कार्रवाई करते हुए मामले में चमन सिंह, देवेंद्र उर्फ छोटू और मनोज को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार चमन सिंह (31) निवासी सविना खेड़ा के खिलाफ सविना और गोवर्धन विलास थानों में आबकारी अधिनियम, मारपीट और जुआ एक्ट के तहत पहले से छह मामले दर्ज हैं। देवेंद्र उर्फ छोटू (32) निवासी पार्श्वनाथ कॉलोनी के खिलाफ सविना थाने में जुआ एक्ट का मामला दर्ज है। वहीं मनोज (28) निवासी मुखर्जी चौक, खेरादिवाड़ा के खिलाफ हिरणमगरी थाने में मारपीट का मामला दर्ज है।
सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला आरोपी भी गिरफ्तार
इसी घटना को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अशोभनीय और उकसाने वाली टिप्पणी करने के मामले में भी सविना थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 30 सितंबर की घटना के बाद आरोपी ने सोशल मीडिया पर घटना को लेकर आपत्तिजनक एवं उकसाने वाले कमेंट किए थे। इस संबंध में सविना थाने में प्रकरण संख्या 349/2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। मुखबिर तंत्र और तकनीकी सहायता के आधार पर पुलिस ने वांछित आरोपी चंदन सिंह (23) पुत्र केसर सिंह, निवासी खेड़ा सर्कल के पास, सविना को गिरफ्तार किया। आरोपी से फिलहाल अनुसंधान जारी है। इस कार्रवाई में सविना थानाधिकारी दलवीर सिंह के नेतृत्व में उप निरीक्षक रविन्द्र पाटीदार, हेड कांस्टेबल विक्रम सिंह और कांस्टेबल सुशील शामिल रहे।
तस्करी के आरोपी
अपराध के बाद तेजी से प्रतिक्रिया, बदलता पुलिसिंग का तरीका
उदयपुर जिले में सामने आई ये तीन अलग-अलग कार्रवाइयां पुलिसिंग के बदलते तरीके को भी दर्शाती हैं। एक मामले में 24 घंटे के भीतर आरोपी पकड़े गए, दूसरे में नाकाबंदी और पीछा कर बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किया गया और तीसरे मामले में मुख्य घटना के साथ सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी को भी जांच के दायरे में लिया गया।
पुलिस अब अपराधियों से आगे की सोचती है
आज अपराध का स्वरूप भी बदल रहा है। अपराधी तकनीक और सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर रहे हैं तो पुलिस भी डिजिटल माध्यमों, तकनीकी साक्ष्यों और आधुनिक अनुसंधान पद्धतियों का इस्तेमाल कर रही है। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर मुखबिर तंत्र और पुलिस टीमों का आपसी समन्वय कार्रवाई को गति दे रहा है।