
सलूंबर के वार्ड 15 में हाथ, कमल, हॉकी में मुकाबला
कांग्रेस के नाथूलाल मेघवाल, भाजपा के लोगरलाल और भारतीय आदिवासी पार्टी के धीरज सालवी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला
सलूंबर जिले में पंचायती राज चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं. सबसे कांटे की टक्कर जिला परिषद के वार्ड नंबर 15 में नजर आ रही है जहां भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) के चुनाव मैदान में आने से त्रिकोणीय संघर्ष के आसार बन गए हैं. निर्वाचन विभाग की ओर से जारी उम्मीदवारों की सूची के बाद चुनावी तस्वीर साफ हो गई है.
बीएपी का सालवी पर भरोसा :
जयसमंद झील के किनारे स्थित ग्राम पंचायत मैथोड़ी के राजस्व गांव पाटन निवासी धीरज सालवी भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) की ओर से जिला परिषद सदस्य पद के प्रत्याशी हैं. निर्वाचन कार्यालय की ओर से जारी प्रारूप-5 की सूची के अनुसार उन्हें चुनाव चिह्न 'हॉकी और बॉल' आवंटित किया गया है. धीरज सालवी के चुनाव मैदान में उतरने के साथ ही क्षेत्र में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं.

वार्ड नंबर 15 में धीरज सालवी का मुकाबला कांग्रेस के नाथूलाल मेघवाल और भाजपा के लोगरलाल से होगा. सलूंबर के ग्रामीणा क्षेत्र में बीएपी का मजबूत जनाधार है. विधानसभा और लोकसभा चुनाव में बीएपी ने कांग्रेस और भाजपा को मजबूत टक्कर दी थी. हालांकि, शहरी निकायों में यहां बीएपी कुछ खास नहीं कर पाई थी.
3 नवंबर को होगा मतदान :
जिला परिषद चुनाव के दूसरे चरण के तहत सलूंंबर में जिला परिषद व पंचायत समितियों के वार्डों में 3 नवंबर को वोट डाले जाएंगे. मतदान की तारीख नजदीक आने के साथ ही प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने जनसंपर्क तेज कर दिया है. ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं से संपर्क करने, बैठकों और चुनाव प्रचार के जरिए समर्थन जुटाने की गतिविधियां जारी हैं.
जयसमंद और मैथोड़ी क्षेत्र में स्थानीय समस्याएं, ग्रामीण विकास और जनहित से जुड़े मुद्दे चुनाव प्रचार का हिस्सा बन रहे हैं. अब 3 नवंबर को होने वाले मतदान के बाद ही स्पष्ट होगा कि क्षेत्र के मतदाता जिला परिषद सदस्य के रूप में किस पार्टी पर भरोसा जताते हैं. कुल मिलाकर वार्ड 15 में मुकाबला काफी रोचक हो गया है.
